पुस्तकें भेंट कर सौंपा ज्ञापन, वक्फ संशोधन व कानपुर प्रकरण पर उठाए मुद्दे
Lucknow
सद्भावना सप्ताह के अवसर पर राजधानी में अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ बोर्ड राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी से मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सूफ़ी शाह मलंग प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।
यह मुलाकात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम की कड़ी में हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को आदर्श पुरुष इन्द्रेश कुमार जी की राष्ट्रवादी कथाएँ, हिंदू-मुस्लिम सद्भाव कथाएँ तथा भारतीय मुसलमानों की गौरव गाथाएं पुस्तकों की प्रतियां भेंट कीं।प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि इन पुस्तकों का उद्देश्य राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ सामाजिक समरसता और हिंदू-मुस्लिम सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि वैचारिक साहित्य के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों में संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक के दौरान भारतीय मुसलमानों की गौरव गाथाएं पुस्तक में वक्फ संशोधन बिल के समर्थन तथा फकीर समुदाय के लिए पृथक बोर्ड की मांग से संबंधित अंशों का उल्लेख करते हुए इन विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर कानपुर नगर से संबंधित एक वायरल वीडियो का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि वीडियो में अति पिछड़े मुस्लिम फकीर समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इस संबंध में मंत्री को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। सूत्रों के मुताबिक, मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक समरसता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के मलंग प्रकोष्ठ अंतर्गत सूफ़ी जियारत अली शाह मलंग, ताहिर शाह, खुर्शीद शाह पूर्व सब इंस्पेक्टर, अब्दुल गफ्फार शाह, रफीक शाह, अफताब शाह, अमन शाह आदि उपस्थित रहे और विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा की गई।
Read More……………..https://vyomsamachar.com/?p=4239
