एसडीएम की सक्रियता से किसानों को राहत की ठंडी सांस, आपसी समन्वय से निकला हल
कानपुर नगर के बिल्हौर तहसील क्षेत्र के ग्राम नसिरापुर में प्रस्तावित थाना निर्माण को लेकर उठी किसानों की चिंता आखिरकार दूर हो गई। ग्राम बकोठी में बन रहे थाना अरौल के चलते खेतों तक जाने वाला पारंपरिक मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका से ग्रामीणों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
क्या था मामला?

13 फरवरी को किसानों ने शिकायती प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन को अवगत कराया था कि यदि वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया गया तो खेतों तक आवागमन बाधित होगा, जिससे खेती-किसानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। किसानों ने जनहित में रास्ता सुनिश्चित करने की मांग की थी।
प्रशासन हरकत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एसडीएम संजीव दीक्षित व नायब तहसीलदार सीपी राजपूत राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थलीय निरीक्षण के दौरान राजस्व अभिलेखों में संबंधित भूमि पर किसानों के लिए कोई दर्ज मार्ग नहीं पाया गया, हालांकि कृषकों द्वारा पूर्व में ज्ञापन प्रस्तुत किया जा चुका था।वार्ता से निकला समाधानमौके पर मौजूद थानाध्यक्ष जनार्दन सिंह यादव तथा पड़ोसी काश्तकारों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से रास्ते का समाधान निकाल लिया गया। प्रशासनिक सक्रियता से किसानों के खेतों तक आवागमन का मार्ग सुनिश्चित हो सका।
प्रधान ने जताया आभार
नसिरापुर के प्रधान रामेन्द्र कटियार ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय रहते समाधान निकलने से संभावित विवाद टल गया और विकास कार्यों के साथ जनहित का संतुलन भी बना रहा।
Read More………https://vyomsamachar.com/?p=4250
