उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिल्हौर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरीपुरा कस्बे में शनिवार दोपहर एक प्रेम प्रसंग ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर ब्लेड और चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, इसके बाद खुद अपनी गर्दन और कलाई पर ब्लेड मारकर लहूलुहान हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

क्या है पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, एक गांव की युवती अपनी चचेरी बहन के साथ घर पर कपड़े लेने पहुंची थी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, खजुरिया निवादा गांव निवासी अरविंद दिवाकर (पुत्र रामखिलावन) अचानक अंदर घुस आया। उसने युवती को कमरे में धक्का देकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और बात करने का दबाव बनाने लगा।
युवती के मना करने पर युवक ने साथ लाए ब्लेड और चाकू से उसके गले और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला।
प्राथमिक उपचार के लिए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने के कारण कानपुर के बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया।
युवती और युवक का बयान
युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों पहले साथ पढ़ते थे और दोस्ती थी, लेकिन कुछ समय से उसने बात करना बंद कर दिया था। वहीं युवक ने दावा किया कि दोनों के बीच सात साल से प्रेम संबंध थे।पुलिस को मौके से ब्लेड, चाकू और अन्य सामान बरामद हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
एसीपी ने बताया कि दोनों घायल व्यक्ति अब खतरे से बाहर हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने प्रेम प्रसंग में हिंसा के इस मामले को गंभीरता से लिया है।
Read More ————–https://vyomsamachar.com/?p=4267
