बहराइच
जिले के मेडिकल कॉलेज से संबद्ध महर्षि बालार्क अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए 28 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बहुउद्देशीय ओपीडी भवन का निर्माण कराया जाएगा। नए भवन के निर्माण से मरीजों को एक ही परिसर में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उपचार प्रक्रिया अधिक सुगम बनेगी।
अस्पताल में वर्तमान ओपीडी भवन में बढ़ती मरीज संख्या के कारण जगह की कमी महसूस की जा रही थी। प्रतिदिन आने वाले सैकड़ों मरीजों को लंबी कतारों और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता है। नए ओपीडी भवन के निर्माण से इन समस्याओं में काफी राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. संजय खत्री के अनुसार, चार माह पूर्व शासन को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। नए भवन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे मरीजों को पंजीकरण से लेकर परामर्श और जांच तक की सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। डिजिटल रजिस्ट्रेशन काउंटर की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे मरीजों का समय बचेगा और लंबी लाइनों की समस्या कम होगी।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि परियोजना के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है तथा भूमि का चिह्नांकन भी पूरा कर लिया गया है। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। भवन के तैयार होने के बाद बहराइच के साथ-साथ श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर और पड़ोसी देश नेपाल से आने वाले मरीजों को भी इसका लाभ मिलेगा।
ओपीडी भवन में उपलब्ध होंगी ये प्रमुख सुविधाएं
विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग एवं व्यवस्थित कक्ष
डिजिटल रजिस्ट्रेशन काउंटर
विशाल प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल)
बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए रैंप और व्हीलचेयर सुविधा
ओपीडी परिसर में ही ब्लड टेस्ट, एक्स-रे सहित अन्य जांच सुविधाएं
महिला एवं पुरुष मरीजों के लिए अलग परामर्श कक्ष
प्राथमिक उपचार कक्ष
स्वच्छ पेयजल और आधुनिक शौचालय की व्यवस्था
